चौरीचौरा पुलिस ने गुरुवार रात फुटहवा इनार से दो तस्करों को गिरफ्तार करके उनके पास से अष्टधातु की मूर्ति बरामद की, जबकि अंधेरे का लाभ उठाकर गिरोह का सरगना फरार हो गया। तस्कर इस मूर्ति को नेपाल बेचने जा रहे थे। दोनों में से एक दुष्कर्म के मामले में भी वांछित था।
एसपी नार्थ गणेश साहा ने पुलिस लाइंस में पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि फुटहवा इनार से एसओ चौरीचौरा बृजेश यादव ने दुष्कर्म के मामले में वांछित पंडितपुरा निवासी संदीप गौतम और झंगहा के जंगल रसूलपुर निवासी नरेंद्र यादव को गिरफ्तार करके चोरी की बाइक बरामद की। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अष्टधातु की मूर्ति (भगवान लड्डू गोपाल), चोरी की एक और बाइक बरामद की। घेराबंदी में गिरोह का सरगना महदेवा जंगल निवासी आकाश चौधरी फरार हो गया। एसपी नार्थ ने कहा कि मूर्ति की कीमत करीब पचास लाख रुपये आंकी गई है।
आकाश चौधरी गैंग का सरगना
करीब एक वर्ष पहले आकाश चौधरी ने साढ़े पांच किलोग्राम अष्टधातु की मूर्ति संदीप और नागेंद्र को सौंपी थी। एसओ बृजेश यादव ने कहा कि मूर्ति के कुछ हिस्सों को तोड़कर तस्कर नेपाल टेस्ट के लिए ले गए थे। नेपाल के तस्करों ने मूर्ति की कीमत पचास लाख रुपये बताई। जांच में पता चला है कि करीब चार वर्ष पहले झंगहा इलाके से अष्टधातु की मूर्ति चोरी हुई थी। आकाश के पकड़े जाने के बाद पता चलेगा कि मूर्ति कहा से चोरी की गई थी। चौरी चौरा और झंगहा थाने में तीनों के ऊपर कई केस दर्ज है।