महिला थाने में पति पर अप्राकृतिक दुष्कर्म का केस
ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का भी आरोप
एसएसपी के आदेश पर महिला थाने में दर्ज हुआ केस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। झंगहा की एक महिला ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए है। महिला ने पति पर अप्राकृतिक दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। वहीं ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी के आदेश पर महिला थाने में केस दर्ज हुआ है।
झंगहा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसकी बेटी की शादी 24 अप्रैल 2012 को चौरीचौरा क्षेत्र के एक गांव में हुई। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग 50 हजार नकद और बुलेट के लिए बेटी को प्रताड़ित करने लगे। ससुराल में अत्याचार सहकर भी वह वहीं पर रही। इस बीच उनको दो बेटे हुए। तीसरी बार गर्भ ठहरने पर वह पेट पर प्रहार कर गर्भ को गिरा दिए। आरोप है कि पति परेशान करने के लिए ही उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म भी करने लगा। विरोध करने पर वह पिटाई कर कई दिनों तक बिना भोजन के कमरे में बंद कर देते थे। बाद में वह दोनों बेटों को पास रख बेटी को घर से निकाल दिए। इधर कुछ दिन पहले पति ने दूसरी शादी भी कर ली। एसएसपी के निर्देश पर महिला थाने की पुलिस ने रविवार को आरोपी पति, सास, ससुर, चचेरे ससुर, दो ननद और ननदोई के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।