गोरखपुर। तिवारीपुर में किराने की दुकान चलाने वाले गौतम माधवानी की खुदकुशी मामले में पड़ोस में रहने वाली दो सगी बहनों पर उकसाने और धमकाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। भाई अशोक कुमार माधवानी ने पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस जांच कर रही है।
अशोक के मुताबिक किराने की दुकान पर आते-जाते पास की रहने वाली सोनी मिश्रा ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद वह रकम के लिए गौतम को ब्लैकमेल करने लगी। वह रुपये न मिलने पर परिवार को फर्जी मुकदमों में फंसाने की भी धमकी देती थी। इसी वजह से वह अवसाद में था। 15 नवंबर को उसने फोन पर एक दिन में एक लाख रुपये की मांग की। भाई ने जब यह बात मुझे बताई तो मैंने उससे बात न करने को कहा। इसके बाद सोनी की बहन श्वेता ने फोन पर धमकी दी। बहनों की धमकी से परेशान होकर ही गौतम ने खुदकुशी कर ली।