गोरखपुर।
उफनाई आमी नदी में पांच साल की बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने हैरान कर देने वाली हरकत की है। पुलिस ने शव को पहले बाहर निकाला और पंचनामा कर फिर नदी में ही बहा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव में ईंट और टोटका के प्रमाण मिले थे। देखने से लग रहा था कि बच्ची का जलप्रवाह किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच-पड़ताल की जगह शव से पल्ला झाड़ती दिखी।
खजनी प्रतिनिधि के मुताबिक भरवलिया से ढडौना मार्ग के पास शुक्रवार को ग्रामीणों ने उफनाई नदी में बच्ची का शव बहते देखा। यह खबर आम होते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर खजनी पुलिस भी पहुंची और शव पानी से बाहर निकाला। बच्ची के शव के ऊपरी हिस्से पर टोटका के सामान बंधे थे। वहीं उसे डुबाने के लिए ईंट भी बांधा गया था। पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश तो की, मगर पहचान न होने के बाद पंचनामा भरकर वापस नदी में ही बहा दिया। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से स्थानीय लोगों में आक्रोश है तो कुछ इसे बाहर का शव और दैविक आपदा बताकर पुलिस की कार्रवाई की सराहना भी कर रहे हैं।