घर पर चढ़कर मनबढ़ों ने युवक को मारा चाकू, केस
गगहा(गोरखपुर)। गगहा इलाके के कोठा गांव में मंगलवार की रात को घर में घुसकर मनबढ़ों ने एक युवक को चाकू घाेंप दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को स्थानीय सीएचसी ले गई। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने युवक की तहरीर पर चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास व बलवा का केस दर्ज किया है।
इलाके के कोठा गांव निवासी रोहित सिंह और पड़ोस के गांव बेलवा निवासी शिवेंद्र भट्ट मंगलवार की शाम ताजिया का जूलूस देखने गए थे। वहां दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को शांत करा दिया। दोनों अपने अपने घर आ गए। रात करीब नौ बजे रोहित और उसके पांच से छह साथी शिवेंद्र के घर पहुंचे और अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर रोहित व उसके साथियों ने शिवेंद्र को चाकू मार दिया। परिजन उसे स्थानीय सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को रोहित समेत चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।