भाजपा नेता की पिटाई करने वाला प्रधानाचार्य गिरफ्तार
कैंपियरगंज। पुरानी रंजिश में छेड़खानी का आरोप लगाकर युवक की पिटाई करने वाले प्रधानाचार्य को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उधर स्कूल की मान्यता की भी शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई है। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल की मान्यता जूनियर तक है और बच्चे इंटर तक के पढ़ते हैं। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
शुक्रवार को धर्मपुर गांव निवासी व भाजपा नेता बैजनाथ मौर्य (35) पुणे के लिए रेल टिकट लेकर कैंपियरगंज चौराहे से साइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में शिवलिया के संतकबीर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य व सपा नेता सुनील ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर बैजनाथ पर छात्रा से छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी। प्रधानाचार्य की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में छेड़खानी की बात झूठी निकली। पुलिस की जांच में आया कि पुरानी रंजिश में प्रधानाचार्य ने युवक की पिटाई की है। इसके बाद सीओ के निर्देश पर पुलिस ने प्रधानाचार्य सुनील और उनके कई समर्थकों पर झूठी सूचना देने और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था। इस संबंध में सीओ कैंपियरगंज दिनेश सिंह ने बताया कि छेड़खानी का आरोप झूठा था। प्रधानाचार्य ने पुरानी रंजिश में युवक को बेवजह पीट दिया। केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। उधर प्रधानाचार्य के परिजनों ने कहा कि स्थानीय सत्तापक्ष के नेताओं के इशारे पर प्रधानाचार्य को बेवजह परेशान किया जा रहा है।