शराब के लिए रुपये न देने पर दोस्त को गोली मार दी, मौत
झंगहा(गोरखपुर)। इलाके के बरही चौकी क्षेत्र के रोहा गांव में एक युवक के रुपये न देने पर उसके दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने युवक की पत्नी की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों अभी फरार हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
रोहा निवासी राकेश यादव उर्फ बिल्लू (35) को शनिवार की रात 8.30 बजे गांव के ही अश्वनी शुक्ला और सोनू तिवारी खेत में पानी चलाने के लिए बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि खेत पहुंचने पर सोनू और अश्वनी ने राकेश से शराब पीने के लिए रुपये की मांग की। रुपये न देने पर सोनू के ललकारने पर अश्वनी ने तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने के बाद दोनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां राकेश की मौत हो गई। मौत की जानकारी पर अश्वनी और सोनू फरार हो गए। पुलिस ने राकेश की पत्नी अनीता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस की दो टीमें गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गोली मारी फिर आरोपी ही घायल को डॉक्टर के पास ले गए
अश्वनी और सोनू गोली गोली से घायल राकेश को बाइक पर बैठाकर पहले गांव के पास क्लिीनिक चलाने वाले एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर के इलाज से मना करने और पुलिस को बुलाने की बात कहने पर वे वहां से चले गए। बाद में राकेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। राकेश की पत्नी ने अश्वनी और सोनू पर ही गोली मारने का आरोप लगाया है। वहीं, गांव के लोगों का कहना है कि अगर अश्वनी और सोनू ने ही राकेश को गोली मारी तो वे अस्पताल लेकर क्यों जाते।
ग्रामीणों की आशंका, नशे में तमंचा ट्रायल करने के दौरान चली गोली
ग्रामीणों का कहना है कि रोहा गांव के कई युवकों को नशे की लत लग गई है। वे शराब, गांजा आदि का सेवन रोज करते हैं। ग्रामीणों ने नशे के दौरान तमंचा ट्रायल करने में गोली चलने की आशंका जताई।
तीन बच्चों का पिता था राकेश
राकेश ट्रैक्टर चालक था। साथ ही खेती भी करता था। उसकी एक तेरह वर्ष की बेटी तनु और दो बेटे सुंदरम और आदित्य हैं। पांच भइयों में राकेश दूसरे नंबर पर था। हत्या के बाद थाने पहुंचे पिता बैजनाथ यादव, मां सोनमती और पत्नी अनीता और राकेश के भाइयों भइयों का रो-रो कर बुरा हाल था।