लॉकेट का झांसा देकर सोने की चेन लेकर फरार
चिलुआताल (गोरखपुर)। इलाके के डोहरिया बाजार में चेन में लॉकेट लगाने का झांसा देकर बुलेट सवार बुजुर्ग महिला से सोने का चेन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी महिला ने बहू को दी जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार की दोपहर दो बजे के करीब हुई।
भिटनी निवासी राजेश साहनी की पत्नी अंजू साहनी अपनी सास जीरा देवी के साथ खरीदारी करने डोहरिया बाजार गईं थीं। इसी दौरान बुलेट सवार एक युवक आया और बोला कि राजेश भइया ने उसे दो हजार रुपये देकर भेजा है, माता जी के चेन में लॉकेट लगवाना है। इस पर अंजू ने पति को फोन भी किया और जालसाज से बात करने को कहा। फोन कट गया और फिर जालसाज ने अंजू से कहा कि वह माता जी को लेकर जाने को कहे हैं। अंजू उसके झांसे में आ गईं। बुलेट सवार जीरा देवी को बैठा लिया और थोड़ा आगे जाकर बाइक रोक दी। फिर चेन मांगी और बोला कि यही पर खड़े रहिए, अभी लॉकेट लगवाकर लाता हूं। यह कहते ही जीरा ने चेन दे दी, जिसके बाद जालसाज फरार हो गया।
काफी देर तक जब बाइक सवार नहीं लौटा तो जीरा पैदल ही बहू के पास पहुंची और घटना के बारे में जानकारी दी जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।