पेड़ से लटकता युवक का शव मिला, हत्या का आरोप
खोराबार । रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के खिरवनियां में किराए का मकान लेकर रह रहे युवक का पेड़ से लटकता शव मिला। युवक के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, घटना के बाद पत्नी और उसके माता-पिता घर छोड़कर फरार हैं। किराए के मकान में वह ससुराल वालों के साथ ही रहता था।
बेलीपार के खरोहवा गांव निवासी मजनू (21) ने कुछ समय पहले ही पड़ोस के गांव बड़हरा की गुड़िया के साथ मंदिर में प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से वह किराए के मकान में पत्नी, सास ससुर और साले के साथ रहने लगा। पिता रामकरन ने बताया कि वह मजदूरी करके सबका पालन पोषण करता था। पेड़ मकान से सटा हुआ है और छत के सहारे उस पर चढ़ सकते हैं। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे साड़ी के फंदे के सहारे पेड़ से लटकता शव मिलने की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच मजनू की पत्नी, सास-ससुर तथा साला मकान बंद कर भाग गए। मजनू के रिश्तेदारों के जरिए उसके पिता रामकरन को घटना की सूचना मिली जिसके बाद वह परिवार के सदस्यों व रिश्तेदारों के साथ रामगढ़ताल थाने पर पहुंच गए। रामकरन ने आरोप लगाया कि मजनू की हत्या करके शव को पेड़ पर लटकाया गया है। हालांकि इस संबंध में उन्होंने अभी तहरीर नहीं दी है।
चार महीने पहले की थी शादी
रामकरन ने बताया कि मजनू अपने गांव खरोहवा से गुड़िया के गांव बड़हरा जाता था दोनों ने मंदिर में शादी कर ली और किराए के मकान पर रहने लगे । रमकरन के अनुसार, वह जब भी फोन कर गुड़िया के परिजनों से बेटे का पता पूछते थे तो वे सही पता नहीं बताते थे।
भाई-बहनों में बड़ा था मजनू
मजनू दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई मनोज 4 वर्ष का है। दो बहनें निशा और ऋचा की अभी शादी नहीं हुई है।
कोट
मजनू शराब का आदी था। एक दिन मजदूरी करता और दो दिन घर पर ही रुक जाता था। इसे लेकर पत्नी का उससे अक्सर झगड़ा भी होता था। मजनू की मौत कैसे हुई, उसने खुदकुशी की है या उसकी हत्या हुई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। - राणा देवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर रामगढ़ताल