बेटी से मिलने से रोका तो प्रेमी ने किया जानलेवा हमला
बडहलगंज। इलाके के एक गांव में बुधवार रात युवती से मिलने के लिए एक युवक उसके घर में घुस गया। युवक को घर में देख जब युवती की मां ने विरोध किया तो उसने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवती की तहरीर पर युवक के खिलाफ मारपीट व हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर हिरासत में लिया है।
कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के देवमनपुर निवासी पंकज कुमार उर्फ गुड्डु मौर्य पुत्र गंगाप्रसाद मदरिया चौराहे पर किराए के मकान में रहता है। फेसबुक के जरिए उसकी पहचान इलाके की ही एक युवती से हो गई। दोनों में बातचीत होने लगी। मंगलवार शाम को वह युवती से मिलने उसके घर जा धमका। घर में युवक को घुसता देख युवती की मां ने विरोध जताया जिस पर उसने लाठी डंडे से हमला बोल दिया। आसपास के लोग जब तक जुटते युवक फरार हो गया। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए बडहलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया जहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच आरोपी युवक को पुलिस ने दबोच लिया। थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह ने बताया कि मामला आशनाई का है। युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।