काउंसिलिंग प्रक्रिया से गुजरते अभ्यर्थी
- फोटो : mahesh kumar
गोरखपुर यूनिवर्सिटी में सत्र 2016-17 के लिए प्रवेश प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। पहले दिन बीए, बीकॉम और बीएससी की काउंसलिंग हुई, जिसमें 545 अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए अपनी प्रामाणिक उपस्थिति दर्ज कराई। बीकॉम में 186 ने, बीए में 269 ने और बीएससी में 90 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई।
बीए प्रवेश के संयोजक डॉ. हिंमाशु चतुर्वेदी ने बताया कि बीए में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा में 225 अंक या उससे अधिक पाने वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इस दायरे में कुल 425 अभ्यर्थी पहले दिन के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 269 अभ्यर्थी बृहस्पतिवार को प्रमाण पत्रों के साथ पहुंचे और काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी की। पहले दिन सामान्य अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। बीए में सामान्य वर्ग की कुल 975 सीटें हैं। ऐसे में सामान्य वर्ग की 706 सीटों पर प्रवेश होना शेष है।
बीकॉम प्रवेश संयोजक प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि पहले दिन बीकॉम में 279 या उससे अधिक अंक वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इसके तहत 186 अभ्यर्थियों को आना था लेकिन 123 अभ्यर्थी ही काउंसिलिंग के लिए पहुंचे। बीकॉम में जनरल की कुल 200 सीटें हैं। विज्ञान संकाय के डीन प्रो. राजेंद्र सिंह ने बताया कि बीएससी बायो में 60 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था लेकिन इनमें से केवल 37 ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जबकि बीएससी मैथ में 120 पंजीकृत अभ्यर्थियों ने 53 ने काउंसिलिंग कराई। बीएससी बायो में 295.5 से अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया था जबकि बीएससी मैथ के लिए 282 या उससे अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी आमंत्रित थे।
आज होने वाले प्रवेश और मेरिट
बीए : 225 या उससे अधिक अंक पाने वाले सभी अभ्यर्थी
बीएससी जीव विज्ञान : अनारक्षित वर्ग प्रतीक्षा सूची (273 या उससे अधिक अंक पाने वाले सभी अभ्यर्थी)
बीएससी गणित : अनारक्षित वर्ग प्रतीक्षा सूची (261 या उससे अधिक अंक पाने वाले सभी अभ्यर्थी)
बीकाम : 279 अंक या उससे अधिक पाने वाले सभी अभ्यर्थी