रोडवेज की एसी बसों के अलावा अब साधारण बसों में भी यात्रियों की बीच रास्ते में ठंडा परिवहन नीर मिलेगा। फिलहाल इस व्यवस्था को लंबी दूरी की बसों के लिए शुरू किया जा रहा है। एक बोतल पानी बचने पर परिचालकों को एक रुपये बतौर कमीशन भी मिलेगा। इस व्यवस्था के शुरू होने से रास्ते में अगर किसी यात्री को पानी की आवश्यकता हो तो वह पानी खरीद सकता है इसके लिए बस रुकवाने की जरूरत नहीं होगी।
परिवहन निगम में अब तक एसी बसों में ही पानी की बोतल यात्रियों को मिलती थी। लेकिन अब लंबी दूरी की साधारण बसों में भी परिवहन नीर यात्रियों को बीच रास्ते में मिल सके इसकी व्यवस्था शुरू की गई है। रोडवेज बसों में सफर के दौरान परिचालक को सिर्फ टिकट ही नहीं बल्कि पानी की बोतलें भी बेचने की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसा यात्रियों को पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े इसके लिए शुरू की गई है। इसके लिए रोडवेज की सभी बसों में अब परिवहन नीर बोतलों की पेटियां रखी जाएंगी। ताकि यात्रियों को कंडक्टर से पानी खरीद कर गला तर कर सके।
यात्रियों को मिलेगा स्वस्थ पानी
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक बसों में यात्रियों की भीड़ देखकर कई अवैध वेंडर्स लोकल या पानी की बोतलें बस में लेकर चढ़ जाते हैं। सफर के दौरान अपनी प्यास बुझाने के लिए यात्रियों को मजबूरी में लोकल और पाउच वाला पानी खरीदना पड़ता है।
शासन ने जारी किया निर्देश
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक बस के अंदर तीन तरह की पानी की बोतलें रखी जाएंगी। इसमें आधा लीटर, एक लीटर और दो लीटर की बोतलें शामिल होंगी। इसमें आधा लीटर पानी की बोतल का दाम मात्र 9 रुपये, एक लीटर 14 रुपये और 2 लीटर की बोतल 22 रुपये में मिलेंगी। इसके अलावा बसों में पानी को ठंडा करने के लिए आईस बाक्स की भी व्यवस्था की जाएगी।
चलती बसों में यात्रियों को सस्ता व स्वच्छ पानी मिल सके इसके लिए इस व्यवस्था की शुरूआत की जा रही है। हालांकि कंडक्टर की मर्जी पर है कि वह पानी ले जाया या नहीं।
- सुग्रीव कुमार राय, क्षेत्रीय प्रबंधक