प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली और इंसेफेलाइटिस की तैयारियों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में गंदगी देखकर वह बिफर पड़े। उन्होंने इसके लिए कर्मचारियों को जमकर फटकारा।
सीएमओ बृहस्पतिवार को एकाएक जिला अस्पताल पहुंच गए। एकाएक सीएमओ को देखकर सभी कर्मचारी हरकत में आ गए और अपनी-अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने लगे। वार्डों के पीछे गंदगी का अंबार और नालियां जाम होने पर सीएमओ बिफर पड़े। इसके लिए उन्होंने एसआईसी को जिम्मेदार मानते हुए उन्हें भी खरी-खरी सुनाई। बाद में एसआईसी ने उन्हें आश्वस्त किया, जो कमियां हैं, उसे ठीक कर लिया जाएगा। सीएमओ रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री का दौरा होने वाला है।
इस दौरान जिला अस्तपाल और मेडिकल कालेज दोनों जगह सेफ हाउस बनाया जाएगा। इसलिए जिला अस्पताल के ब्लड बैंक, इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई तक हर हाल में सेफ हाउस बनकर तैयार हो जाएगा। सीएमओ ने बताया कि मेडिकल कालेज के प्राचार्य छुट्टी पर हैं। एक दो दिन में वह आ जाएंगे। इसके बाद वहां भी निरीक्षण किया जाएगा। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. आईबी विश्वकर्मा, एसआईसी डॉ. एचआर यादव, डॉ. शहनवाज सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
लखनऊ से आएगी एंबुलेंस
प्रधानमंत्री की रैली के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस एंबुलेंस केजीएमसी लखनऊ से मंगाई जा रही है। सीएमओ रवींद्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा बेहतर से बेहतर करने का प्रयास कर रहा है। केजीएमसी में आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस है, जिसे मंगाया जा रहा है।
400 रूपये में ले सकते हैं ब्लड
सीएमओ रवींद्र कुमार ने बताया कि ब्लड बैंक में ओ पॉजिटिव और बी पॉजिटिव रक्त पर्याप्त मात्र में मौजूद है। जरूरतमंद 400 रुपये शुल्क अदा कर रक्त खरीद सकता है। उन्होंने बताया कि इसके बदले रक्त नहीं देना होगा। यह सुविधा 19 जुलाई तक अथवा रक्त का स्टाक रहने तक उपलब्ध रहेगी।