जीडीए सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर ज्यादा जोर रहा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पढ़ाई के समय कोई भी शिक्षक यदि बीएसए या डीआईओएस दफ्तर में दिखाई पड़े तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने बीएसए और डीआईओएस को निर्देश दिए कि परिषदीय स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों की फोटो चस्पा की जाए ताकि अभिभावक और गांव के लोग भी यह जान और जांच सकें कि संबंधित शिक्षक की जगह कोई दूसरा तो पढ़ाने नहीं आ रहा।
करीब डेढ़ घंटे तक चली समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अफसरों से कहा कि वे रोज सुबह नौ से 11 बजे तक जन सुनवाई के बाद दफ्तरों और योजनाओं का निरीक्षण करें। गेहूं क्रय की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि एसडीएम और तहसीलदार रोजाना गेहूूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण करें और उसकी रिपोर्ट डीएम-कमिश्नर को उपलब्ध कराएं। स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सीएम ने चेताया कि इंसेफेलाइटिस समेत किसी भी जलजनित बीमारी से यदि किसी की मौत हुई तो कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि इंसेफेलाइटिस वार्ड में जगह से अधिक मरीज आ जाते हैं जिससे एक ही बेड पर दो या फिर तीन मरीजों को रखना पड़ता है। इसपर सीएम ने कहा कि इंसेफेलाइटिस के इलाज के लिए जरूरी संसाधनों से सभी सीएचसी-पीएचसी को लैस किया जाए ताकि हर मरीज को मेडिकल कॉलेज आने की जरूरत न पड़े। उन्होंने शहर के साथ ही गांवों में भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इंसेफलाइटिस प्रभावित गांवों में शुद्ध पानी के इंतजाम के साथ ही वहां सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। कमिश्नर अनिल कुमार के यह बताने पर कि हाल ही में उनके द्वारा कराए गए औचक निरीक्षण में मंडल में डेढ़ सौ डॉक्टर अनुपस्थित मिले थे, इसपर उन्होंने एडी हेल्थ को निर्देश दिया कि ऐसे डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
योजनाओं की प्रगति से संतुष्ट दिखे सीएम
बैठक के दौरान सीएम ने क रीब 17 कामों की प्रगति जांची। इन सभी योजनाओं की योगी आदित्यनाथ ने सीएम बनने के बाद पहली बार गोरखपुर आगमन के दौरान समीक्षा की थी। एम्स, फर्टिलाइजर, मेट्रो, गन्ना मूल्य भुगतान, गोरखपुर वाराणसी फोरलेन समेत तकरीबन सभी योजनाओं की प्रगति से वह संतुष्ट दिखे। उन्होंने सभी विभागों के अफसरों को समन्वय बनाकर काम करने के साथ ही सभी योजनाओं को अपने तय समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस का दायरा बढ़ाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि तहसील दिवस का दायरा बढ़ाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण के साथ ही विभिन्न तरह की पेंशन योजनाओं समेत कुछ और सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए कैंप लगाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कुछ जिलों में इसकी शुरूआत की जाएगी और योजना सफल होने पर सूबे के सभी जिलों में इसे लागू कर दिया जाएगा।
जलकल परिसर में बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग
समीक्षा बैठक के दौरान तय हुआ कि जलकल में मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। चार फ्लोर की इस पार्किंग में दो फ्लोर नगर निगम के अफसर-कर्मचारियों की गाड़ी खड़ी करने के लिए इस्तेमाल में लिया जाएगा, जबकि बाकी के दो फ्लोर आम जन के लिए। जीडीए इस मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराएगा। समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जीडीए उपाध्यक्ष ओएन सिंह ने बताया कि जल्द ही इसके लिए डीपीआर तैयार कर काम शुरू करा दिया जाएगा।