अंबेडकर चौक पर जाम में फंसे लोग।
- फोटो : Rajesh Kumar
सोमवारी जाम ने शहरवासियों को एक बार फिर दिनभर छकाया। सुबह 10 बजे के बाद शुरू हुआ यह सिलसिला देर शाम तक बदस्तूर जारी रहा। सभी गाड़ियां महानगर की सड़कों पर रेंगती रहीं। इससे जहां सुबह लोग दफ्तर देर से पहुंचे तो वहीं स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी घंटों लंबे जाम ने परेशान किया। टीईटी की परीक्षा होने से भी शहर में आने वाले वाहनों और लोगों की संख्या आम दिनों की अपेक्षा बढ़ गई थी। इस वजह से भी शहर में जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि यातायात विभाग ने मोर्चा संभालकर लोगों को समस्या से निजात दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन ये कोशिश पूरी तरह कामयाब न हो सकी।
सोमवार को शहर के मोहद्दीपुर चौराहा ,पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा, यूनिवर्सिटी चौराहा, रेलवे बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, धर्मशाला, काली मंदिर, गोलघर, चेतना तिराहा, टाउनहाल, बैंक रोड, रेती चौक, असुरन चौराहा, रुस्तमपुर चौराहा, अंबेडकर चौक समेत शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। घंटों जाम से जूझने के बाद लोग अपने गंतव्यों तक पहुंचे। जाम के झाम से निजात दिलाने को लेकर यातायात विभाग और पुलिस विभाग के मोर्चा संभालने से कुछ राहत तो हुई, मगर ज्यादा देर तक यह राहत टिक न सकी।