हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे एसीएमओ
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल थाना क्षेत्र के गांव मिश्रवलिया की रहने वाली पूजा तिवारी को रविवार सुबह करीब पांच बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में बच्चा पैदा हुआ। प्रसव के कुछ देर बाद बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। उसके बाद परिजन अस्पताल में डॉक्टरों के विरुद्ध हंगामा करने लगे।
हंगामे के बाद अस्पताल के चिकित्सकों व इमरजेंसी में आए मरीजों में अफरातफरी मच गई। डॉक्टर अस्पताल छोड़कर चले गए। वहीं जनप्रतिनिधियों की सूचना पाकर अस्पताल पर पहुंचे। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने लापरवाह डॉक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कहकर परिजनों को किसी तरह से शांत कराया। उसके बाद प्रसव कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, ओटी सहित अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर जायजा लिया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बच्चा पैदा होने के बाद इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉक्टर देखरेख में लापरवाही की। जिसके कारण मासूम बच्चे की कुछ देर बाद मौत हो गई। बताया गया कि मिश्रवलिया निवासी दीपक कुमार तिवारी की पत्नी पूजा तिवारी की बीते दिन शनिवार की देर रात करीब ग्यारह बजे अचानक तबियत खराब होने लगी। जिसे एंबुलेंस के द्वारा अस्पताल के प्रसव कक्ष में भर्ती कराया गया।
जहां पर पूजा तिवारी को बच्चा पैदा हुआ। उनकी प्रसव के घंटो बाद भी कोई डॉक्टर जच्चा-बच्चा का स्वास्थ्य जांच करने नहीं आया। उसके कुछ ही देर बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। लेकिन बेहतर ढंग से देखभाल नहीं की गई जिससे रविवार की सुबह को नवजात की मौत हो गई। इसके बाद हंगामा खड़ा हो गया।
बाद में एसीएमओं के समझाने पर मामला शांत हुआ। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का कहना है कि परिजनों की शिकायत की जांच की गई है। साथ ही उन्हें समझा बुझाकर शांत करा दिया गया। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।