गोरखपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के स्कूलों के विद्यार्थियों को अब विशेषज्ञ क्रिएटिव राइटिंग का प्रशिक्षण देंगे। बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थी बेहतर अंक ला सकें इसके लिए यह पहल की गई है। बोर्ड से संचालित जिले के 97 स्कूलों को इस संबंध में आदेश मिल गया है।
सभी स्कूलों में वर्तमान सत्र से ही क्रिएटिव राइटिंग कक्षाएं चलेंगी। इसमें अलग-अलग विषयों में डायग्राम, फ्लोचार्ट, फिगर्स का इस्तेमाल कब और कहां होना चाहिए, पैराग्राफ कहां अलग करें, बुलेट्स के प्रयोग आदि से संबंधित जानकारी दी जाएगी। बोर्ड ने इस वर्ष से कक्षा 10वीं के सवालों के पैटर्न में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत बेहतर अंक कैसे लाए जाएं विशेषज्ञ विद्यार्थियों को इस संबंध में बताएंगे।
क्या होगा फायदा
बोर्ड का मानना है कि इससे विद्यार्थी सवालों के उत्तर बार-बार लिखेंगे, जो जवाब अच्छी तरह से याद करने में मददगार होगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से जवाब देने का तरीका पहले से पता होने से समय की बचत होगी।