जेल में भूख हड़ताल करने वाले पांच बंदी दूसरे जेल होंगे शिफ्ट
गोरखपुर। बंदी सुजीत की पिटाई के बाद 20 बंदियों की भूख हड़ताल की अगुवाई कर रहे पांच को दूसरी जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। जेल प्रशासन ने कैदियों को उग्र करने का आरोप लगाते हुए इन पांचों के नाम को शासन में भेजा है। वहां से अनुमति मिलते ही उन्हें दूसरी जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। उधर, जेल अधीक्षक ने निरीक्षण कर भूख हड़ताल खत्म कराने की भी कोशिश की है, मगर बंदी नहीं माने।
जेल में बंद सुजीत की पिटाई का मामला सामने आया था। सुजीत शातिर है और पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद से वह बंद है। रविवार को सुजीत के छोटे भाई बीरू पासवान ने गांव की दो महिला लक्ष्मीना और सावित्री के साथ जेल में भाई से मुलाकात की। बीरू का आरोप था कि भाई एक अन्य बंदी के सहारे बाहर मिलने के लिए आया था। उसके सिर में चोट लगी थी। पूछे जाने पर बताया कि पुलिसकर्मियों ने रकम न देने पर उसे पीटा है और जेल के ही अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। सुजीत ने उसे एक पर्ची थमा दी, जिसमें भूख हड़ताल की बात लिखी थी। पर्ची की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मामला तूल पकड़ने पर जेल प्रशासन ने सुजीत, मिथुन, अच्छेलाल समेत पांच को दूसरी जेलों में भेजने के लिए पत्र लिखा है। सुजीत को आजमगढ़, मिथुन को महराजगंज और अच्छेलाल को बस्ती जेल भेजने का प्रस्ताव भेजा गया है।
सीसी टीवी कैमरे में कैद है घटना
सोमवार को जेल अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच के बाद भूख हड़ताल के आरोपों को खारिज कर दिया। जेल प्रशासन के मुताबिक सुजीत ने दीवार से सिर फोड़ने की घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद है। वह पेशी पर जाता था तो शराब के नशे में लौटता था। हाई सिक्योरिटी से बाहर आने के लिए ही वह तरह-तरह का आरोप लगा रहा है।