बृहस्पतिवार रात करीब सवा 10 बजे हर्रैया थाना क्षेत्र के संसारीपुर चौराहे के पास यात्रियों से भरी बस चालक की लापरवाही से एक बड़े हादसे का शिकार होते होते बच गई।
विज्ञापन
लखनऊ से गोरखपुर जा रही प्राइवेट बस का चालक फोन पर बात कर रहा था। बात करते करते बस चालक ने अपना नियंत्रण बस से खो दिया और बस अनियंत्रित होकर बस्ती से अयोध्या की तरफ जा रही ट्रेलर में टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस धू-धू कर जलने लगी। मौके पर चीख पुकार मच गई। लोग शीशे तोड़कर कूदने लगे। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी जान माल के नुकसान की सूचना नही है।
विज्ञापन
बस में करीब 35 यात्री सवार थे जो लखनऊ ,अयोध्या, छावनी से बैठे थे। बस में सवार सभी सुरक्षित यात्री दूसरे अन्य साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। तकरीबन आधे घंटे हाईवे बाधित रहा। हाईवे कर्मचारियों द्वारा यातायात सुचारू कर दिया गया है।