लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण में लाएं तेजी: अवनीश
गोरखपुर। अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा कि इसके लिए जरूरी हो तो अवकाश के दिनों में भी सब रजिस्ट्रार दफ्तर खोला जाए। इसके लिए जिस भी संसाधन की आवश्यकता पड़ेगी तत्काल उसे उपलब्ध कराया जाएगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसके विपरीत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए सिर्फ 50 फीसदी भूमि अधिग्रहीत की गई है।
उक्त बातें अपर मुख्य सचिव ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे की भूमि खरीद, गोरखपुर में औद्योगिकीकरण के लिए यूपीडा द्वारा भूमि अधिग्रहण और जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में औद्योगिकीकरण की बेहतरी के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे खास मायने रखता है। ऐसे में लिंक एक्सप्रेस के लिए जिन जमीनों का अधिग्रहण होना है, उसे प्राथमिकता पर पूरा कराएं। लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं जिलेवार भूमि अधिग्रहण की समीक्षा के दौरान संतकबीरनगर के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को 10 सितंबर तक अधिग्रहण का काम पूरा कर लेने का निर्देश दिया। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसएसपी से नए थानों के निर्माण के बारे में जानकारी ली और कहा कि तत्काल इनका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें। साथ ही शहर के सभी शस्त्र लाइसेंसों एवं शस्त्र दुकानों की जांच करने के भी निर्देश दिए। बैठक में कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता, अपर आयुक्त प्रशासन अजय कांत सैनी के अलावा विभिन्न जिलों के एडीएम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर बनेगा औद्योगिक गलियारा
गोरखपुर। लैंड बैंक की कमी की वजह से गोरखपुर में औद्योगिक विकास की रफ्तार थम गई है। 25 से ज्यादा उद्योगपतियों ने करीब 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा के औद्योगिक विस्तार का प्रस्ताव दिया है, लेकिन जमीन की उपलब्धता नहीं होने से उद्योग स्थापित नहीं हो पा रहे हैं। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस को गोरखपुर को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे फोरलेन बनाने के लिए 550 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान कर दिया है। जैतपुर से कम्हरिया घाट तक के इस लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ औद्योगिक गलियारा बनाने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद औद्योगिक गलियारे के लिए 10 हजार एकड़ लैंडबैंक तैयार करने की कवायद शुरू की गई। ऐसे में लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे जमीन अधिग्रहण के बाद यहां हजारों की संख्या में फैक्ट्रियां लग सकती हैं।
जल्द पूरा करें प्रेस क्लब और जिला सूचना केंद्र का निर्माण
गोरखपुर। अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने समीक्षा बैठक के दौरान गोरखपुर में बन रहे प्रेस क्लब और जिला सूचना केंद्र (सूचना संकुल) के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब पर जाकर स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष मार्कंडेय मणि ने विस्तार पूर्वक चर्चा में पत्रकारों के लिए बन रहे आवास के मूल्य में कमी तथा आवास के पंजीयन में समय को बढ़ाने की भी मांग भी की। मार्कंडेय मणि ने बताया कि अपर मुख्य सचिव ने आठ महीने में प्रेस क्लब और जिला सूचना केेंद्र के निर्माण का काम पूरा करने का निर्देश दिया है।