शहर में बनने जा रहा अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑडिटोरियम पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। जीडीए के कारपोरेट पार्क योजना के तहत प्रस्तावित इस ऑडिटोरियम के निर्माण को योगी कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। माना जा रहा है कि जल्द ही सीएम शहर का दौरा कर इसका शिलान्यास कर सकते हैं। इसके मद्देनजर राजकीय निर्माण निगम तेजी से इसका डिजाइन (ड्राइंग) तैयार करने में लगा है।
ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग के जीर्ण-शीर्ण निरीक्षण भवन और भूमि को संस्कृति विभाग को हस्तांतरित करने की मांग सरकार से की गई थी। मंगलवार को हुई सूबे सरकार की कैबिनेट मीटिंग में इसे मंजूरी दे दी गई। सिंचाई विभाग के 3.54 एकड़ जमीन पर ऑडिटोरियम तैयार करने के लिए राजकीय निर्माण निगम तेजी से डिजाइन निर्माण में जुटा है। सूत्रों की माने तो शासन से अफसरों को तेजी से डिजाइन और आगणन का काम पूरा करने को कहा गया है। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि पूर्णत: वातानुकूलित इस ऑडिटोरियम के निर्माण से शहर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजन हो सकेंगे।
18 को प्रस्ताव, 25 को कैबिनेट की मंजूरी
शहर में ऑडिटोरियम निर्माण को लेकर 18 अप्रैल को सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले के अफसरों के साथ लखनऊ में बैठक की थी। इसमें शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऑडिटोरियम का निर्माण कराने पर मुहर लगाई थी। 25 को हुई कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी देकर मामले में तेजी से कार्रवाई करने के लिए स्थानीय अधिकारियों को संदेश भी दे दिया गया।
6000 लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था
ऑडिटोरियम में 6000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। पहले ओपन ऑडिटोरियम बनने की चर्चा थी, पर ऐसा नहीं हो रहा। वातानुकूलित ऑडिटोरियम बनने के बाद हर मौसम में शहर में बड़े सांस्कृतिक आयोजन कराने के लिए बेहतर मंच मुहैया होगा। करीब 6000 कुर्सियों वाले इस ऑडिटोरियम के बनने से शहर के रंगकर्मियों को बड़ा तोहफा मिलेगा।