संगीता अपने पति श्रीचंद और मेहनाज के साथ।
- फोटो : amar ujala
‘अमर उजाला’ ने बिछड़े को अपनों से मिला दिया। मऊ से भटककर गोरखपुर आ गईं एक वृद्ध महिला के बारे में खबर प्रकाशित होने के बाद उनके अपने उन्हें ढूंढते हुए गोरखपुर पहुंचे और अपने साथ ले गए। उन्होंने अपने घर शरण देने वाली महिला मेहनाज जहां के साथ-साथ ‘अमर उजाला’ का भी आभार जताया।
अपना नाम संगीता बताने वाली वृद्ध महिला शुक्रवार की रात मऊ से भटककर गोरखपुर पहुंच गई थीं। शनिवार की सुबह टहलने के लिए निकलीं जेल रोड स्थित मैसीडोज कंपाउंड की मेहनाज जहां उन्हें अपने घर ले गई। उन्होंने अपने एक परिचित से निवेदन किया तो उन्होंने ‘अमर उजाला’ के हेल्पलाइन नंबर पर संगीता के बारे में जानकारी दी।
रविवार के अंक में सचित्र खबर प्रकाशित होने के बाद गोरखपुर के किसी परिचित ने उनके पति श्रीचंद लालवानी को संगीता के बारे में जानकारी दी। इसके बाद रविवार की दोपहर श्रीचंद मैसीडोज कंपाउंड पहुंचे और अपनी पत्नी संगीता को अपने साथ ले गए। श्रीचंद ने बताया कि उनकी पत्नी की दिमागी स्थिति थोड़ी खराब है। शुक्रवार को वो किसी तरह से घर से बाहर निकल गई थीं। भला हो मेहनाज जहां का जिन्होंने न सिर्फ संगीता को अपने पास रखा बल्कि ‘अपनों’ सा प्यार और सम्मान दिया।
उन्होंने ‘अमर उजाला’ का भी आभार जताया और इसकी हेल्पलाइन को आम आदमी के लिए काफी मददगार बताया।