जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल अहमद।
- फोटो : shivharsh
कांग्रेस यूपी की आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने बैठक कर टिकट के दावेदारों को स्पस्ट निर्देश दिए हैं कि वे पहले अपनी ताकत दिखाएं, तभी टिकट के लिए आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि दावेदारों को ब्लॉक स्तर से ही अपनी ताकत दिखानी होगी। इसके लिए उन्हें दावे वाले विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ से एक कार्यकर्ता का नाम, फोटो और मोबाइल नंबर समेत उपलब्ध कराना होगा। पीके की टीम इस सूची की सत्यता की जांच करेगी।
रविवार को पुर्दिलपुर स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम पर भारतीय जनता पार्टी जश्न मना रही है, लेकिन अगर इसकी हकीकत परखी जाए तो पांचों राज्यों में भाजपा को जितनी सीटें मिली हैं, कांग्रेस को उससे दुगुनी सीटें मिली हैं। यह साबित करने के लिए काफी है कि कांग्रेस पार्टी अभी भी उतनी मजबूत है। ऐसे में यूपी विधानसभा चुनाव में दावेदारी के लिए प्रत्याशी को भी अपना दम दिखाना होगा। उन्हें हर बूथ से एक समर्पित कार्यकर्ता का नाम, पिता का नाम, पता, फोटो और मोबाइल नंबर की एक सूची उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने बताया कि नई रणनीति के तहत जिला कार्यकारिणी में प्रत्येक न्याय पंचायत के दो सदस्य शामिल होंगे। इनमें से एक पिछड़ा वर्ग से होगा। जल्द ही जिला कार्यकारिणी का गठन हो जाएगा। बैठक में हरिद्वार पांडेय, मदन त्रिपाठी, सुरेश चौधरी, आशुतोष त्रिपाठी, संजय चौबे, अमरनाथ सिंह, सहला अहरारी, देवेंद्र निषाद, गोरखलाल श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।