कारगिल से कोहिमा तक अल्ट्रा मैराथन के वायु सैनिकों का स्वागत
गोरखपुर। विजय दिवस की 20वीं वर्षगांठ पर भारतीय वायुसेना की कारगिल से कोहिमा तक 4500 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन में भाग लेने वाले 18 वायु सैनिकों का दल रविवार को वायु सेना स्टेशन गोरखपुर पहुंचा। यहां मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कैप्टन जीपी श्रीवास्तव की अगुवाई में अल्ट्रा मैराथन दल का स्वागत किया गया।
भारतीय वायु सेवा की ओर से यह अल्ट्रा मैराथन देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले साहसी वीरों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। करीब साढ़े चार हजार किलोमीटर लंबी अल्ट्रा मैराथन के दौरान वायु सैनिक सुरक्षा, स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देंगे।
वायु सेवा स्टेशन गोरखपुर में अल्प विश्राम के बाद सोमवार को वायु सैनिकों के दल को मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कैप्टन जीपी श्रीवास्तव ने मैराथन के अगले चरण के लिए रवाना किया। इस दल के साथ वायु सेना स्टेशन गोरखपुर के 18 वायु सैनिकों ने गोरखपुर से दरभंगा की ओर मिनी मैराथन में भाग लिया। कार्यक्रम में शामिल अनेक वायु सैनिकों ने उत्साहवर्धन किया।