ईद के साथ ही कांवड़ यात्रा में डीजे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा-व्यवस्था के इंतजाम में लगे अफसरों ने थानेदारों से अपने क्षेत्र के डीजे संचालकों के नाम और नंबर जुटाने को कहा है। संख्या मिलने के बाद सभी को नोटिस देकर बुकिंग पर कार्रवाई की चेतावनी दी जाएगी। चेतावनी के बाद भी ईद व कांवड़ यात्रा में कहीं डीजे बजता मिला तो डीजे संचालक के साथ ही हल्के के थानेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।
डीजे बजने के कारण त्योहार में माहौल खराब होने के चलते अधिकारियों ने इसे पूरी तरह से प्रतिबंध करने की तैयारी शुरू कर दी है। डीआईजी ने गोरखपुर रेंज के सभी पुलिस कप्तानों को पत्र लिखकर थानेदारों से अपने क्षेत्र के डीजे संचालकों का नाम और मोबाइल नंबर भेजने का निर्देश दिया है।
कार्यालय से एक प्रपत्र भेजकर सभी संचालकों को नोटिस देकर ईद व कांवड़ यात्रा में डीजे बुक करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी देने को कहा है। निर्देश का अनुपालन न करने पर संचालक के साथ ही थानेदार पर भी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। डीआईजी का निर्देश मिलने के बाद थानेदार अपने क्षेत्र में डीजे संचालकों की खोजबीन में जुट गए हैं।
त्योहार के समय जुलूस या सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति के डीजे बजाने पर प्रतिबंध है। कोर्ट का निर्देश होने के बाद भी थानेदार इसे बंद कराने में दिलचस्पी नहीं लेते जिसके कारण व्यवस्था बिगड़ती है। इस बार डीजे बजने पर संचालक के साथ ही थानेदार पर भी कार्रवाई होगी। बिना भेदभाव के कार्रवाई करने का निर्देश सभी पुलिस कप्तानों को दिया है।
- शिवसागर सिंह, डीआईजी