प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मंगलवार को भी गोरखनाथ से बरगदवां तक नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नशे में धुत एक युवक अतिक्रमण हटा रहे कर्मचारियों से उलझ गया। पुलिस की मदद से अधिकारियों ने उसे समझाकर मामला शांत कराया। अभियान के दूसरे दिन टीम ने 50 से अधिक झुग्गी-झोपड़ी और गुमटी को सड़क के किनारे से हटाया।
मंगलवार को सहायक नगर आयुक्त स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने गोरखनाथ मंदिर से लेकर बरगदवां चौराहे तक अतिक्रमण हटाया। टीम 12 बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंची, तो पता चला कि सोमवार के अभियान के दौरान हटाई गई गुमटियों को लोगों ने दोबारा उसी जगह रख लिया था। उन्हें हटाने के बाद टीम ने रास्ते में पड़ रही झोपड़ियों को भी जेसीबी से गिरा दिया।
इसके बाद टीम लच्छीपुर के पेट्रोल पंप के पास पहुंची, जहां एक युवक नशे में धुत होकर नगर निगम के कर्मचारियों से भिड़ गया और कर्मचारियों के हाथों से डंडा छीनकर उन्हें मारने पर उतारू हो गया। इसी बीच स्थानीय लोग भी बीच-बचाव करने पहुंच गए। नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों की मदद और पुलिस के सहयोग से युवक को समझाकर मामला शांत कराया। सहायक नगर आयुक्त स्वर्ण सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर बुधवार को भी अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा।