गोरखपुर। परिवहन विभाग होमगार्ड और पीआरडी जवानों की मदद चेकिंग के दौरान ले सकता है। सिपाहियों की कमी से परिवहन विभाग की चेकिंग प्रभावित होने को देखते हुए ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के. रवींद्र नायक ने इस संबंध में सभी डीएम को निर्देश दिए हैं। आरटीओ और एआरटीओ जरूरत के हिसाब से होमगार्ड और पीआरडी जवानों के संबंध में डीएम से मांग कर सकते हैं। इसके साथ ही दफ्तर में भी इनकी ड्यूटी लगाई जा सकती है।
परिवहन दफ्तरों में रोजाना की भीड़ आम बात है। कभी-कभी असामाजिक तत्वों की वजह से अव्यवस्था भी पैदा हो जाती है। सिपाहियों की कमी के कारण पिछले कुछ दिनों से चेकिंग कार्य भी प्रभावित हो रहा था। इसकी शिकायत ट्रांसपोर्ट कमिश्नर तक पहुंची तो उन्होंने पिछले दिनों आरटीओ की बैठक में निदान के लिए सुझाव मांगे थे। सभी आरटीओ ने होमगार्ड और पीआरडी जवानों की मदद लेने का सुझाव दिया था। इसके बाद ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने प्रदेश के सभी डीएम को परिवहन विभाग के लिए होमगार्ड और पीआरडी जवानों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
होमगार्ड और प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) जवानों की मदद से चेकिंग से लेकर कार्यालय की सुरक्षा के भी काम में मदद ली जाएगी। आरटीओ, एआरटीओ जरूरत के मुताबिक इनकी मदद ले सकते हैं।
के. रवींद्र नायक, परिवहन आयुक्त