गोरखपुर। पोप के प्रतिनिधि एवं कैथोलिक धर्म के भारत व नेपाल राष्ट्र के प्रभारी महाधर्माध्यक्ष सल्वातोर पेनाक्यो ने शुक्रवार को सेंट जोसफ कॉलेज गिरजाघर में प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए कहा की भारत में यह दिवाली और मोहर्रम का पवित्र मौका है। ऐसे में वह संत फ्रांसिस की ओर से इस देश और गोरखपुर क्षेत्र में आपसी प्रेम, मैत्री, शांति और सद्भाव का संदेश लेकर आए हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं की मानव में एक दूसरे के प्रति प्रेम भाव परवान चढ़े तकी धरती स्वर्ग बन सके ।
कैथोलिक धर्म प्रांत गोरखपुर के 30वें वार्षिकोत्सव पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के मुख्य अतिथि वेटिकन सिटी, रोम से आए पेनाक्यो ने कहा कि वह गोरखपुर निवासियों के लिए ईश्वर से प्रेम और शांति की कामना करते हैं। उन्होंने संत फ्रांसिस की ओर से कैथोलिक धर्म में विश्वास करने वालों की सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना की साथ ही उन्हें आशीष दिया।
धर्माध्यक्ष सल्वातोर पेनाक्यो दिल्ली से करीब तीन बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से शाम चार बजे सेंट जोसेफ कॉलेज पहुंचे। उनके स्वागत में पहलेे से कैथोलिक धर्म प्रांत से जुड़े बिशप, फादर साबू, फादर जेम्स और सिस्टर मौजूद थीं। बिशप थॉमस थुरिटापट्टम ने उनकी अगुवाई की तो बिशप डोमेनिक कोकट ने उन्हें बुके भेंट किया। फिर वह सेंट जोसफ गिरजाघर पहुंचे। वहां प्रार्थना सभा को संबोधित किया। वहां से फातिमा अस्पताल गए और आईसीयू का उद्घाटन किया। शाम छह बजे पादरी बाजार स्थित सेंट मेरिस कॉलेज की रजत जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान बिजनौर से आए बिशप जॉन, फादर जेम्स, फादर सोनी, फादर रोजर, सिस्टर सलीता, आनी, मारिया आदि मौजूद रहीं।
कैंपियरगंज में साधना केंद्र का उद्घाटन आज
कैंपियरगंज स्थित अनुग्रह आध्यात्मिक नवीनीकरण साधना केंद्र का उद्घाटन शनिवार को सुबह नौ बजे वेटिकन सिटी के भारत के राजदूत कैथोलिक महाधर्माध्यक्ष सल्वातोर पेनाक्यो करेंगे। यह जानकारी फॉदर साबू, फादर जेम्स और फादर जेरोम ने संयुक्त रूप से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी। बताया कि महाधर्माध्यक्ष अपने तीन दिवसीय प्रवास में धर्मप्रांत की ओर से संचालित शिक्षण, स्वास्थ्य एवं ग्राम्य उत्थान से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन एवं अवलोकन करेंगे।