गोरखपुर। विकास कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित नहीं होने पर डीएम ने डिप्टी आरएमओ और जिला उद्यान अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों के अफसर से योजनाओं के लक्ष्य और प्रगति की पूरी रिपोर्ट 10 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सभी ग्राम सभाओं में हर माह खुली बैठक करने और गांव में प्रस्तावित योजनाओं और उसकी प्रगति के बारे में ग्रामीणों को बताने तथा योजनाओं के बारे में फीडबैक भी लेने को कहा।
डीएम ने कहा कि गांवों में बैठकें कराने की पूरी जिम्मेदारी बीडीओ की है। वह सुनिश्चित करें कि संबंधित गांवों में तय समय पर बैठक हो सके। उन्होंने कहा बीडीओ खुद भी कुछ गांवों की खुली बैठकों में शामिल हों। बताया कि वह भी किसी एक गांव की बैठक में उपस्थित होंगे। इस दौरान संबंधित विभागों के अफसर भी मौजूद रहेंगे।
बैठक के दौरान उन्होंने परिवार रजिस्टर को कंप्यूटराइज्ड करने के साथ ही जन सुविधा के मद्देनजर नए कर तय करने के लिए अफसरों से सुझाव मांगे।
राजीव गंाधी विद्युतीकरण योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सर्वे कार्य चल रहा है नवंबर के पहले सप्ताह में काम पूरा हो जाएगा। यह भी बताया गया कि वर्ष 2012-13 के सभी लोहिया गांव को दिसंबर, वर्ष 2013-14 के गांव को मार्च तथा वर्ष 2014-15 के सभी लोहिया गांव को इस योजना के तहत जून तक पूरा कर लिया जायेगा। पीएमजीएसवाई की सड़कों की स्थिति में सुधार पर बल देते हुए डीएम ने कहा कि यदि फंड की कमी हो तो उनकी तरफ से शासन को तत्काल प्रस्ताव भेजा जाए।
0
14 को लगेगा केसीसी कैंप
गोरखपुर। डीएम ने 14 अक्टूबर को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर केसीसी का कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे 11 अक्टूबर से लोहिया गांवों में घर-घर जाकर केसीसी का लक्ष्य दो दिन के भीतर पूरा कराएं।