गोरखपुर। नरेंद्र भाई अपनी बात के पक्के हैं। वह जो वादा करते हैं उसे पूरा करते हैं। देश की उन्नति के लिए उन्होंने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करके दिखाएंगे। अब वह हमारे भाई ही नहीं बल्कि पूरे देश के बेटे हैं। 1970 में वह छोटा परिवार (अपना घर) छोड़कर बड़े परिवार (संघ) में चले गए। शुरुआती दौर में उनका घर छोड़कर जाना कचोटता था। लेकिन बाद में हम लोगों ने मान लिया कि अब वह सिर्फ हमारे नहीं हैं, पूरे देश के हो गए हैं। यूपी से भी उनका नाता गहरा हो गया है। मुझे लगता है कि यूपी को विशेष महत्व मिलेगा।
यह कहना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद दामोदर मोदी का। वह बुधवार को खोराबार इलाके के हथिया परास गांव में (गुरु जी) सर्वेंद्र मणि त्रिपाठी के नाती के शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में उन्होंने नरेंद्र मोदी से जुड़ी यादें साझा कीी। बताया कि मैं किराना का व्यवसाय करता हूं। राजनीतिक व्यक्ति नहीं हूं और कभी इच्छा भी नहीं हुई। इसलिए राजनीति की बातें नहीं करता हूं। गुरु जी से नरेंद्र भाई के चुनाव प्रचार में मुलाकात हुई थी। मणीनगर विधानसभा क्षेत्र में ही गुरु जी का स्कूल था। गुरु जी का आचरण, व्यवहार इतना पसंद आया कि उनसे घनिष्ठता बढ़ती गई। बीते आठ-दस सालों में दोनों परिवारों की नजदीकियां बढ़ीं। मैंने कहा था कि वैवाहिक कार्यक्रम में शरीक होने जरूर आऊंगा। बताया कि छह जून को फिर आऊंगा, उनके दूसरे नाती की शादी में सिद्धार्थनगर जाना है।
प्रह्लाद मोदी ने बताया कि नरेंद्र मोदी के सीएम बनने के बाद सीएम आवास पर परिवार का कोई भी सदस्य कभी नहीं गया। लेकिन नरेंद्र भाई हमेशा खोज-खबर लेते रहते हैं। बातचीत भी होती है लेकिन गैर राजनीतिक। माता जी कभी हमारे घर तो कभी बड़े भाई के घर रहती हैं। नरेंद्र भाई से मुलाकात शपथ ग्रहण के पहले हुई थी, जब वह घर आए थे।
एयरपोर्ट पर स्वागत हुआ
एयरपोर्ट पर पीएम के भाई प्रह्लाद दामोदर मोदी का स्वागत खोराबार के हथिया परास गांव से आए लोगों ने किया। इस बीच कुछ भाजपा नेता भी पहुंचे। एयरपोर्ट से वह सीधे विजय चौराहा स्थित होटल गए। शाम को हथिया परास गांव गए और वैवाहिक कार्यक्रम में शरीक हुए।