गोरखपुर। ग्वालियर में खेली जा रही अखिल भारतीय रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे क्रिकेट टीम ने पहली बार इतिहास रचते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। पूर्वोंत्तर रेलवे ने सेमीफाइनल में सेंट्रल रेलवे मुंबई को रोमांचक मुकाबले में सात रनों से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। पूर्वोत्तर रेलवे की जीत के हीरो स्पिनर राकेश कन्नौजिया रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे के क्रिकेट सचिव और महाप्रबंधक के सचिव अमित सिंह ने बताया कि क्रिकेट टीम ने अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। रविवार को खेले गए फाइनल मैच में टॉस सेंट्रल रेलवे मुंबई ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पूर्वोत्तर रेलवे ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 224 रनों का स्कोर खड़ा किया। पूर्वोत्तर रेलवे के लिए प्रशांत अवस्थी ने सर्वाधिक 55 रन, सौरभ दुबे ने 35, अवनीश ने 26 तथा सुजीत ने 25 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल रेलवे मुंबई की टीम राकेश कन्नौजिया की कसी गेंदबाजी के सामने 214 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए अमित ने सर्वाधिक 45 रनों का योगदान दिया। पूर्वोत्तर रेलवे के लिए राकेश कन्नौजिया ने चार, सौरभ ने दो तथा सुजीत ने एक विकेट लिया। राकेश के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ दी मैच का पुरस्कार दिया गया। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा अधिकारी प्रेम माया ने टीम को बधाई देते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की। टीम के मैनेजर आलमदार ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे का फाइनल पश्चिम रेलवे मुंबई से 19 और 20 को फरवरी को खेला जाएगा।