गोरखपुर। मंडल में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 789 केंद्रों पर होगी। मंडलीय कमेटी ने प्रस्तावित सूची बोर्ड को भेज दी है। गोरखपुर में 224 केंद्रों पर 1.65 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों का निर्धारण नौ दिसंबर तक किया जाना था लेकिन मंडल के चारों जिलों में जिला कमेटी ने निर्धारण में देरी कर दी। कई बार रिमाइंडर के बाद आखिरकार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर लिया गया। कमिश्नर की अध्यक्षता में मंडलीय कमेटी ने जिला कमेटी की आई सूची पर अपनी मुहर लगा दी। संयुक्त शिक्षा निदेशक दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि गोरखपुर में 224, देवरिया में 301, महराजगंज में 103 तथा कुशीनगर में 161 परीक्षा केंद्र की प्रस्तावित सूची बोर्ड को भेज दी गई है। गोरखपुर में आपत्तियों के आने के बाद डीएम के निर्देश पर 15 परीक्षा केंद्रों को सूची से हटाकर 208 की सूची फाइनल की गई थी लेकिन बाद में हटाए गए सभी केंद्रों को सूची में शामिल कर लिया गया। यही नहीं मंडलीय कमेटी ने भी इस सूची पर भौतिक सत्यापन नहीं कराया और अपनी मुहर लगा दी।
जिला परीक्षा केंद्र परीक्षार्थी
गोरखपुर 224 165256
देवरिया 301 182504
कुशीनगर 161 105738
महराजगंज 103 74495