गोरखपुर। मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले जालसाज गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से नकदी, जेवर और दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में है। एसएसपी प्रदीप कुमार ने शनिवार की शाम पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
औरंगाबाद, बिहार के प्रेम प्रकाश सिंह विद्यार्थी उर्फ कन्हैया लाल कुशवाहा ने दाऊदपुर में कॅरियर एजुकेशन सोसाइटी नाम से संस्था खोली थी। मेडिकल, इंजीनियरिंग व अन्य कॉलेजों में दाखिला दिलाने के नाम पर उसने कई छात्रों, अभिभावकों से करोड़ों रुपये लिए थे। छह अगस्त को संस्था की एकाउंटेंट शिवानी पांडेय शहर से भागते समय सहजनवां में गिरफ्तार हो गई, जिसके बाद जालसाजी का खुलासा हुआ। जालसाजी के शिकार पांच लोगों की तहरीर पर प्रेम प्रकाश, शिवानी पांडेय, छात्र नेता कौशल किशोर आदि के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में एसएसपी ने दावा किया कि प्रेम प्रकाश को शहर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास मोटरसाइकिल, दो सोने की चेन, दो अंगूठी, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल, 2.45 लाख नकद और कॅरिअर एजुकेशन संस्था के पंपलेट बरामद हुए हैं।
0
पढ़ाई के दौरान ही फैलाया जाल
प्रेम प्रकाश ने मथुरा के जीएलए कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई की है। तीन बहनों के इकलौते भाई प्रेम प्रकाश ने पढ़ाई के दौरान ही जालसाजी का नेटवर्क तैयार कर लिया था। पढ़ाई पूरी कर दिसंबर 2011 में वह गोरखपुर आया। अपने पुराने परिचित देवरिया के मुस्ताक खान के साथ उसने आईआईटी की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर खोलने की योजना बनाई। बिलंदपुर मे किराए का मकान लिया और दाऊदपुर में कॅरियर एजुकेशन सोसाइटी की शुरुआत की।
0
जालसाजों से किया था सावधान
प्रेम प्रकाश ने संस्था का पंपलेट छपवाया था जिसमें जालसाजों से सावधान रहने की अपील की गई थी। पंपलेट पर उसने दाखिला कराने का झांसा देने वाले सभी लोगों या संस्थाओं से सतर्क रहने को कहा था। विशेष तौर पर काउंसलिंग सेंटर वालों से सावधान रहने की बात कही गई थी। उसके पास से ऐसा पंपलेट बरामद हुआ है।
0
कॉलेज संचालकों से कनेक्शन की तलाश
प्रेम प्रकाश ने पश्चिमी यूपी, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश आदि प्रदेश के कई मेडिकल और टेक्निकल कॉलेज संचालकों से संबंध होने का दावा किया था। संस्था के एजुकेशन फेयर में इन कॉलेजों के संचालक शामिल भी हुए थे। एसएसपी ने बताया कि सभी संस्थाओं के संचालकों और उनके प्रेम प्रकाश से संबंधों की पड़ताल कर पूरे नेटवर्क को पकड़ने की कोशिश जारी है।