गोरखपुर। कानपुर से चला एलपीजी से भरा टैंकर गीडा से गायब हो गया। सोमवार को ड्राइवर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच में टैंकर की लोकेशन फैजाबाद में मिली। पिपरौली चौकी इंचार्ज पुलिस टीम और ड्राइवर को लेकर टैंकर की तलाश में जुट गए। सूत्रों की मानें तो देर रात तक पुलिस ने फैजाबाद में टैंकर बरामद कर लिया। टैंकर की एलपीजी गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर 13 में इंडियन ऑयल कारपोरेशन के रीफिलिंग स्टेशन में अनलोड होनी थी।
भीटी रावत प्रतिनिधि के अनुसार कानपुर के पाटा रीफिलिंग स्टेशन से 18 टन एलपीजी भरकर एक टैंकर तीन नवंबर को गीडा पहुंचा। यहां के रीफिलिंग प्लांट में 12 नवंबर को उसका अनलोड होने का नंबर था। नौ दिन का नंबर लगने पर ड्राइवर राजेश प्रसाद टैंकर गीडा में ही खड़ा कर अपने गांव अमवा, पिपराइच चला गया। सोमवार की सुबह अनलोड कराने के लिए वह गीडा पहुंचा। यहां देखने पर पता चला कि टैंकर गायब है। प्लांट में पता करने और छानबीन के बावजूद सुराग न लगने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ के बाद पिपरौली चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार मिश्रा गाड़ी की तलाश में जुट गए।
पता करने पर मालूम हुआ कि एलपीजी लदा एक टैंकर सोमवार को दोपहर करीब 12 फैजाबाद में टोल बैरियर से क्रास हुआ था। पुलिस ने घटना की सूचना आसपास के जिलों में दे दी है। सूत्रों से पता चला कि पुलिस ने सोमवार की ही देर रात फैजाबाद के आगे टैंकर को बरामद कर लिया। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। इस मामले में ड्राइवर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में इंडियन आयल कारपोरेशन के अधिकारियों ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार किया है।