गोरखपुर यूनिवर्सिटी में मार्च से 100 फीट ऊंचा झंडा लहराता नजर आएगा। मंगलवार को कुलपति प्रो. वीके सिंह और व्यवसायी अतुल सर्राफ ने यूनिवर्सिटी मेन गेट के सामने और यूजीसी भवन के समक्ष तिरंगा के फाउंडेशन की नींव रखी। करीब 15 लाख रुपये की लागत से लगने वाले झंडे को लगाने का जिम्मा गैर सरकारी संगठन जेसीआई ने उठाया है। गाजियाबाद की टीम फाउंडेशन पर काम कर रही है। 45 दिनों के अंदर फाउंडेशन को तैयार कर तिरंगा को लगाया जाएगा। इससे पहले रामगढ़ताल के पास 150 फीट का तिरंगा फहराने की योजना है। इसका काम तेजी से चल रहा है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने संस्था को 20 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा स्थान इसके लिए मुहैया कराया है। बकायदा कार्यपरिषद से इसे हरी झंडी मिली है। जेसीआई मिडटाउन के अध्यक्ष विनीत पोद्दार ने बताया कि झंडा में 70 मीटर पैराशूट के कपड़े का इस्तेमाल होगा। इसके साथ ही संस्था की ओर से झंडे का रखरखाव भी किया जाएगा। इसके तहत दो लाख रुपये फंड की व्यवस्था भी संस्था की ओर से की गई है। इस दौरान रजिस्ट्रार शत्रोहन वैश्य, चीफ प्रॉक्टर प्रो. गोपाल प्रसाद, प्रो. अजय कुमार शुक्ला, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र सिंह, नितेश पोद्दार, गौरव जिंदल, विवेक अग्रवाल, संस्था सचिव पीयूष जैन, उपाध्यक्ष संकेत, पीआरओ नवीन, श्वेता अग्रवाल, अनुराधा जैन आदि मौजूद रहीं।