गोरखपुर। कस्तूरबा आवासीय कन्या विद्यालय उरुवा में छत पर कपड़ा सुखाने गई एक छात्रा नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। विद्यालय प्रशासन ने तत्काल छात्रा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि डाक्टरों के मुताबिक उसे मामूली चोटें आई हैं। एहतियातन रातभर अस्पताल में रखने के बाद मंगलवार को उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली छात्रा अनुराधा का दाखिला करीब 20 दिन पहले ही हुआ था। वह घर जाने की जिद कर रही थी, लेकिन वार्डेन ने मना कर दिया। इस बीच सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे वह कपड़ा सुखाने छत पर गई थी, वहां चक्कर आने के बाद वह नीचे गिर गई। छात्रा के साथ छत पर गई छात्रा शिल्पी ने घटना की जानकारी शिक्षिकाओं को दी। कुछ ही देर में वहां स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए। घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। छात्रा को पैर में ज्यादा चोटें आई हैं, लेकिन शाम को हुए एक्स-रे में फ्रैक्चर नहीं निकला। जिला अस्पताल में भर्ती छात्रा अनुराधा ने बताया कि वह छत पर कपड़ा सुखाने गई थी। इसी दौरान चक्कर आने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आया तो अस्पताल में थी। कस्तूरबा विद्यालय के प्रभारी विवेक जायसवाल ने बताया कि छात्रा के छत से गिरने की सूचना मिलते ही उसे अस्पताल ले जाया गया। घर वालों को सूचना दे दी गई है। छात्रा की हालत सामान्य है। डॉक्टरों ने रात भर अस्पताल में रखने के बाद मंगलवार को डिस्चार्ज करने को कहा है।