गोरखपुर। दो साल आठ महीने बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को शहर में होंगे। वह यहां दो घंटे रहेंगे। इस दौरान 1.20 घंटे भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन मौके पर आयोजित किसान रैली को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री इससे पहले खाद कारखाना और एम्स की आधारशिला रखने 22 जुलाई 2016 को गोरखपुर आए थे। उस दौरान भी उन्होंने मानबेला क्षेत्र में रैली को संबोधित किया था।
23 और 24 फरवरी को गोरखपुर के खाद कारखाने के ग्राउंड में भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन प्रस्तावित है। 23 फ रवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह भी मौजूद रहेंगे। अगले दिन 24 को अधिवेशन का समापन होगा। उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान रैली को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री सुबह 10.05 बजे भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से दिल्ली से गोरखपुर के लिए रवाना होंगे। वह यहां 11.25 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सेना के हेलीकाप्टर के जरिए कार्यक्रमस्थल आएंगे। इस दौरान वह नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही किसान सम्मान निधि का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 1.35 बजे वह सेना के हेलीकाप्टर से प्रयागराज के लिए रवाना हो जाएंगे।