26 शिक्षक नदारद, सभी का वेतन रुका
बेसिक शिक्षा विभाग का निरीक्षण अभियान दूसरे दिन भी जारी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों का परिषदीय विद्यालयों पर औचक निरीक्षण मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों से 26 शिक्षक नदारद मिले। इन सभी का वेतन बाधित करने का आदेश दिया गया है। जूनियर विद्यालय के अनुचर, गैरहाजिर शिक्षामित्र और अनुदेशकों के भी मानदेय काटने का निर्देश जारी किया गया।
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी के साथ सुबह नौ बजे पिपरौली के पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुआडाड़ का निरीक्षण किया। वहां पांच शिक्षक व एक अनुचर अनुपस्थित रहे। जांच टीम जब प्राथमिक विद्यालय कंदराई पहुंची तो वहां तीन शिक्षक व एक शिक्षामित्र अनुपस्थित रहे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंदराई में दो शिक्षक व अनुचर सुबह 9:10 बजे तक विद्यालय नहीं पहुंचे थे। प्राथमिक विद्यालय जरलही में 9:20 बजे तक चार, बांसगांव क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चतुरबंदुआरी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुचैटा में एक-एक अध्यापक नहीं आए थे। पिपरौली के प्राथमिक विद्यालय चनऊ में दो शिक्षक व दो शिक्षामित्र, पूर्व माध्यमिक विद्यालय चनऊ में छह अध्यापक व अनुचर नहीं पहुंचे थे। पिपरौली क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भौवापार के निरीक्षण में दो अध्यापक अनुपस्थित मिले। सभी अनुपस्थित शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुचरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।