फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

रंजिश में पूर्व प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या, फॉर्च्युनर से आए 8 बदमाशों ने मारी 13 गोलियां

Tue, 16 Oct 2018 09:22 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गौरखपुर
कत्ल

पिपराइच थानाक्षेत्र के कैथवलिया मंडी तिराहा पर पुरानी रंजिश में पूर्व प्रधान दिवंगत अवधेश यादव के बेटे अनिकेत यादव (22) की मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। खोराबार थानाक्षेत्र के छोटकी कैथवलिया गांव के रहने वाले अनिकेत दाढ़ी बनवाने के लिए मंडी तिराहा गए थे। इसी दौरान फॉर्च्युनर सवार आठ बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करके अनिकेत को मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अनिकेत को 13 गोलियां मारी गईं, सभी सीने और पेट में लगीं। घटना से नाराज परिवार के लोग और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। अनिकेत का शव सड़क पर रखकर पिपराइच-सोनबरसा मार्ग जाम कर दिया। दो साल पहले ही अनिकेत के पिता अवधेश यादव की गोली मारकर हत्या की गई थी। उन्हें 12 गोली मारी गई थी।



बताया जा रहा है कि अनिकेत और पड़ोसी बलराम यादव के बीच पुरानी रंजिश है। अनिकेत के पिता पर 2005 में चौरीचौरा में हमला हुआ था लेकिन वह बच गए थे। इस मामले में बलराम के बेटे अरविंद यादव उर्फ पप्पू को आरोपी बनाया गया था। मार्च 2016 में अनिकेत ने बदला लेने की कोशिश की और बलराम व बेटे पप्पू यादव पर जानलेवा हमला किया। तब अनिकेत को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। वह जेल में ही था तो 18 सितंबर 2016 को अवधेश बड़ी कैथवलिया से पंचायत करके भाई दुर्जन के साथ बाइक से लौट रहे थे। इस बीच घात लगाए बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। मामले में बलराम के बेटे राजू यादव (जो अब ग्राम प्रधान है), जितेंद्र यादव और पप्पू यादव को नामजद आरोपी बनाया गया था। इसका केस भी चल रहा है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को अनिकेत अपनी बोलरो से कैथवलिया मंडी तिराहा गया था। सैलून में बैठा था, तभी बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। अनिकेत अपने पीछे मां, बहन और छोटे भाई विशाल को छोड़ गया। 

एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया
मामले की सूचना पाकर एसएसपी शलभ माथुर भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही। इससे पहले एडीएम सिटी प्रभुनाथ, एससी सिटी विनय कुमार सिंह, सीओ चौरीचौरा और सीओ कैंट सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया गया, फिर अनिकेत का शव पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। 


अंधाधुंध फायरिंग से दहशत
आठ बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करके दहशत फैला दी। जिस वक्त अनिकेत पर फायरिंग की गई, उस वक्त सैलून मालिक सुनील शर्मा और अनिकेत ही थे। बदमाशों ने सिर्फ अनिकेत को टारगेट किया। इस घटना के बाद सैलून मालिक सुनील बदहवास है। वह मौके से भाग निकला है। घरवालों को भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस सुनील का भी पता लगा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुनील को भी गोली के छर्रे लगे हैं। 

ग्राम प्रधान को मारने के लिए दी थी सुपारी
अनिकेत ने राजू यादव की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसका भंडाफोड़ गोरखपुर एसटीएफ ने किया था। एसटीएफ ने 15 नवंबर 2017 को अनिकेत और आजमगढ़ के शूटर मुलायम यादव उर्फ डब्लू सहित चार लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। पुलिस के मुताबिक अनिकेत सात महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था। इसके बाद अनिकेत और उसके पड़ोसियों के बीच कई बार विवाद हुआ था। इसकी छानबीन कराई जा रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें