पथरा(सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के टेढिय़ा पुल के पास सोमवार को बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 11 बच्चे घायल हो गए। बस के चालक व सहायक भी घायल हुए हैं। बच्चों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जबकि चालक व सहायक को बांसी पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बांसी के गुरुकुल कांवेंट स्कूल की बस सोमवार को छुट्टी के बाद पथरा और मिठवल क्षेत्र के बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। स्कूल से बस में 23 बच्चे सवार हुए थे। 12 बच्चों को उनके घर छोड़ने के बाद बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर टेढिय़ा पुलिया के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों व चालक तथा सहायक को बाहर निकाला।
सूचना पाकर एसडीएम प्रबुद्ध सिंह, सीओ डुमरियागंज सुनील कुमार सिंह, पथरा एसओ दीपक दुबे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बच्चों को अस्पतालों ले गए। घायल चालक कोटिया गड़ोरी निवासी श्रवण (35) व सहयाक सोनहरिया खुर्द निवासी रामअजोर (30) को बांसी पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
ये बच्चे हुए घायल
हादसे में घायल सभी बच्चे पथरा कस्बे के हैं। इसमें अशोक की पुत्री श्रद्धा (7), परी (6), दिनेश की पुत्री पारुल (12), विष्णु (6), खुशी (6), रामअवतार का पुत्र प्रशांत (5), रमेश का पुत्र अतुल (7), पुत्री कोमल (5), आदर्श (5), संदीप सिंह की पुत्री वैष्णवी (8), पप्पू का पुत्र राज (7) शामिल हैं। इसमें श्रद्धा, परी व पारुल के सिर, हाथ व चेहरे में गंभीर चोट आई हैं। सभी बच्चे नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थी हैं।
‘मोबाइल पर बात कर रहे थे ड्राइवर अंकल’
पथरा। घायल बच्चों के चेहरे पर हादसे का खौफ साफ झलक रहा था। अस्पताल में उपचार के काफी देर बाद भी वह सहमे दिखे। उनका कहना था कि बस की गति काफी अधिक थी। श्रद्धा, पारुल और अतुल ने बताया कि ड्राइवर अंकल बहुत तेज बस चला रहे थे। टेढिय़ा से थोड़ा पहले फोन आया तो मोबाइल पर बात करने लगे। अचानक से सामने से बाइक आई और उसे बचाने में बस सड़क किनारे पलट गई। बच्चों ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण उन्हें काफी डर लग रहा था। उन्होंने बताया कि इस बात की वह इस बात को लेकर स्कूल में ड्राइवर की कई बार शिकायत कर चुके हैं। चालक को प्रिसिंपल ने डांट भी लगाई थी। उधर, चालक श्रवण ने कहा कि सामने से अचानक आए बाइक सवार को बचाने में हादसा हो गया।