सिद्धार्थनगर। जिले में तीन सड़क हादसों में दादा-पोता, दो भाइयों समेत पांच लोग घायल हो गए। इसमें से चार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक को बस्ती में।
नगर के जेल रोड स्थित डीआईओएस कार्यालय के मोड़ पर सोमवार सुबह कार की चपेट में आने से स्कूल जा रहे दो सगे भाई जख्मी हो गए। कार चालक ने ही दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार हो रहा है। मोहाना थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव निवासी रामबेलास का पुत्र धीरज (10) व सूरज (13) जेल रोड पर स्थित केंद्रीय विद्यालय में पढ़ते हैं। सोमवार को दोनों विद्यालय आ रहे थे, अभी डीआईओएस कार्यालय के मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि पीछे आकर कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।
वहीं चिल्हिया थाना क्षेत्र के शोहरतगढ़-नौगढ़ मार्ग पर धेंसा चौराहा के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार दादा और पोता जख्मी हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां हालत गंभीर बताई जा रही है। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बभनी बाजार गांव निवासी नूरूल (38) सोमवार को बाइक से अपने दादा शब्बीर को लेकर नौगढ़ किसी काम से आया था। शाम को लौटते समय धेंसा चौराहा के पास विपरीत दिशा से आ रही कार ने बाइक को चपेट में ले लिया।
इटवा प्रतिनिधि के अनुसार, त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर तिराहा के पास सोमवार दोपहर कार की चपेट में बाइक आने से बाइक सवार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बस्ती ले जाया गया है। वहीं, कार चालक मौके से फरार हो गया।क्षेत्र के बभनी निवासी प्रकाश (42)बाइक से बिस्कोहर जा रहे थे, अभी वह तिराहा के पास पहुंचे थे कि कार की चपेट में आ गए। हादसे में प्रकाश का पैर टूट गया। आसपास के लोग निजी अस्पताल में ले गए, जहां हाल गंभीर देख डॉक्टर ने बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रकाश ने बिस्कोहर चौकी पर तहरीर दे दी है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज कमलेश कुमार गौड़ ने कहा कि घटना की सूचना मिली है।