गोरखपुर। परिषदीय विद्यालयों की डिजिटल निगरानी की तरफ बेसिक शिक्षा विभाग ने एक और कदम बढ़ा दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों का पंजीकरण, शिक्षकों की उपस्थिति, वितरित की गईं किताबों, यूनिफार्म, आरटीई सरीखी अहम जानकारियां ऑनलाइन अपलोड करनी होंगी।
इसके लिए सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) पर तैनात खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। 20 ब्लॉक को उनकी लॉगइन आईडी और पासवर्ड भी मुहैया करा दिया गया है। इसके बाद एक लाख 75 हजार से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन की जानकारी बेसिक एजुकेशन स्कीम पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। पिछले वर्ष से ही शासन ने जानकारियां ऑनलाइन कराने का काम शुरू करा दिया था।
पहले बेसिक शिक्षा विभाग के सभी जिला मुख्यालयों से ब्लाकों की ऑनलाइन जानकारी तलब की गई थी। अब विभाग ने सत्र 2019-20 से इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए ब्लॉक को भी ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ दिया है। ब्लॉक सभी जानकारी अपलोड कर सकें इसके लिए विद्यालयों को यू डायस प्लस कोड जारी किया गया है।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।