गोरखपुर। इंदिरा गांधी जन्म शताब्दी समारोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोश देख प्रदेश संगठन के पदाधिकारी गदगद हो गए। सबने उत्साह से कहा 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को उखाड़ फेंकना है। जल्द ही राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उन्हें प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता है। इसके संकेत गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव और नतीजों से मिल जाएंगे।
गोरखपुर क्लब में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि आज देश में जो कुछ भी विकास है, वह सिर्फ कांग्रेस की देन है। इसके बावजूद केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार इतिहास बदलने पर तुली है। गोरखपुर में पूर्वोत्तर रेलवे का मुख्यालय और गोरखपुर विश्वविद्यालय भी कांग्रेस की देन है। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जो बयान दिया और बखान किया, वह कांग्रेस की देन है। मोदी सरकार की एक भी उपलब्धि विदेश मंत्री नहीं बता सकी हैं। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सर्वधर्म समभाव विचारधारा वाली पार्टी है। सबको साथ लेकर चलने की यह धारणा ही इंदिरा गांधी की सबसे बड़ी ताकत थी।
कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि हम आत्मनिर्भर हैं, यह भी कांग्रेस की देन है। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ली। स्वागत ईश्वर चंद्र शुक्ला और धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष अरुण अग्रहरि ने किया। संचालन जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने किया। इस मौके पर पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह, कमल किशोर कमांडो, सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव, डॉ. सुरहिता करीम, डॉ. प्रदीप पांडेय, राणा गोस्वामी, गोरखलाल श्रीवास्तव, उदयवीर सिंह, नासिर मुन्ना, सदानंद पांडेय, विशाल पांडेय आदि मौजूद थे।
11 जिलों से आए कार्यकर्ता
कार्यक्रम में गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और अंबेडकरनगर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
...पाठ्यक्रम में शामिल करेंगे इंसेफेलाइटिस
राज बब्बर ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो इंसेफेलाइटिस को पाठ्यक्रम में शामिल कराया जाएगा। एम्स गोरखपुर में खुल रहा है। इसके रिसर्च का हिस्सा भी इंसेफेलाइटिस होगा।
मंच पर पूर्व सांसद
इंदिरा गांधी के साथ काम कर चुके पूर्व सांसद नरसिंह नारायण पांडेय (88) भी मंच पर मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी को राज बब्बर समेत अन्य सभी कांग्रेसियों ने गौरवशाली क्षण करार दिया।
चेहरा दिखाने की होड़, अफरातफरी मची
समारोह में निकाय चुनाव की भी सरगर्मी थी। कार्यक्रम में शामिल नेता अपनी मौजूदगी और ताकत दिखाने के लिए समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इससे अव्यवस्था भी फैल गई। कोई मंच पर चढ़ने की जोर आजमाइश कर रहा था तो कोई मंच के सामने खड़ा होने के लिए। जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल को उन्हें संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक नेता ने तो लंबे-चौड़े काफिले के साथ आने का दावा किया। इस पर कांग्रेसियों ने ठहाके भी लगाए।
आठ नवंबर को मनाएंगे काला दिवस
राज बब्बर ने कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी। नोट बदलवाने के दौरान कई लोगों की बैंकों की लाइन में मौत हो गई थी। ऐसे में पार्टी ने आठ नवंबर को काला दिवस बनाने का निर्णय लिया है। यह वही तारीख है, जिस दिन नोटबंदी की गई थी। कांग्रेसी गली, मोहल्ले में शांतिपूर्वक मार्च निकालेंगे और रात ठीक आठ बजे मोमबत्ती जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। बैंकों की लाइन में जान गंवाने वालों के घरवालों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग भी की जाएगी।