गोरखपुर। उरुवां में बृहस्पतिवार की दोपहर बदमाशों ने फाइनेंस कर्मचारियों पर हमला कर 62 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद दो बाइक से आए चार बदमाश गोला की तरफ भाग निकले। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उरुवां प्रतिनिधि के अनुसार एसकेएस माइक्रो फाइनेंस के मैनेजर बीर बहादुर भारती बृहस्पतिवार की सुबह फील्ड अफसर जितेंद्र के साथ वसूली करने निकले थे। क्षेत्र के रघुपुर, माधवपुर, उसरी, लाखन बुजुर्ग, अहिरौली, बारीपुर, पूर्वा बाजार में उधार लेने वाले लोगों से वसूली कर आफिस लौट रहे थे।
दोपहर 12 बजे गोला-उरुवा मार्ग पर सहदवापार कब्रिस्तान के पास दो बाइक से आए चार युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। लड़की से छेड़छाड़ कर भागने का आरोप लगाते हुए पिटाई शुरू कर दी और बाइक पर बैग लेकर बैठे जितेंद्र को तमंचा सटा बैग छीन लिया, जिसमें 62 हजार रुपये थे। वारदात के बाद बदमाश गोला की तरफ भाग निकले।
पहले दिन फील्ड में निकला था जितेंद्र
जगतबेला का रहने वाला जितेंद्र पहले दिन फील्ड में काम करने निकला था। देवरिया, खुखूंदू के परसिया मिश्र निवासी बीर बहादुर पांच साल से मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बीर बहादुर ने बताया कि बदमाशों ने अपना मुंह बांधने के साथ ही हेलमेट भी पहन रखा था।