कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन आज, भाजपा का 29 को
गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल एवं छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री तमरध्वज साहू रहेंगे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कांग्रेस की तरफ से घोषित प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत का नामांकन शुक्रवार को होगा। उनके नामांकन के दौरान गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल एवं छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री तमरध्वज साहू मौजूद रहेंगे। उधर, भाजपा की तरफ से घोषित प्रत्याशी पंकज चौधरी 29 अप्रैल को नामांकन करेंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी के मीडिया प्रभारी ज्ञानेश तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 9 बजे जिला उद्योग केंद्र के पास एक मैरिज हाल में सुप्रिया पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। इसके बाद जुलूस फरेंदा मार्ग से होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ कार्यकर्ता पैदल कलेक्ट्रेट तक जाएंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
उधर, भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला ने बताया कि पार्टी की तरफ से घोषित प्रत्याशी पंकज चौधरी 29 अप्रैल को नामांकन करेंगे। उनका नामांकन जुलूस शहर में मऊपाकड़ मोहल्ले से निकलेगा।