गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति (खिचड़ी) से शुरू वाले मेले और प्रयागराज में 15 जनवरी से शुरू हो रहे कुंभ में श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने व्यापक प्रबंध किए हैं। खिचड़ी मेले के लिए गोरखपुर रीजन के 12 रूटों पर पांच सौ बसें लगाई गई हैं। कुंभ के लिए 400 बसें चलाई जाएंगी।
गोरखपुर रीजन के आरएम डीवी सिंह का कहना है कि कुंभ मेले में प्रयागराज जाने के लिए जिले के प्रमुख स्थानों से बसों का संचालन किया जाएगा। साथ ही खिचड़ी मेले में भी पर्याप्त बसें लगाई जाएंगी। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, उसके लिए सभी बसें अच्छी स्थिति की होंगी। कुंभ में जाने वाले चालकों-परिचालकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। कुंभ के लिए आगामी 13 जनवरी से महाशिवरात्रि तक बसों का संचालन होगा। खिचड़ी मेले के लिए 13 से 15 जनवरी तक विशेष बसें चलाई जाएंगी। कुंभ और खिचड़ी मेले को देखते हुए गोरखपुर में गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद रीजन से 350 रोडवेज की बसें मंगाई जा रही हैं।
गोरखनाथ मंदिर में लगेगा कैंप
परिवहन निगम गोरखनाथ मंदिर में आयोजित होने वाले खिचड़ी मेले में कैंप लगाएगा। उसके माध्यम से परिवहन निगम भूले श्रद्धालुओं को सहायता प्रदान करेगा। एक कंट्रोल रूम रेलवे बस स्टेशन और दूसरा मंदिर परिसर में बनाया जाएगा।
तीन जोड़ी कुंभ स्पेशल का शेड्यूल तय
गोरखपुर। रेल प्रशासन ने कुंभ मेले में चलने वाली तीन जोड़ी ट्रेनों का शेड्यूल तय कर दिया है। मेले में पूर्वोत्तर रेलवे से 112 स्पेशल ट्रेनें चलाई जानी हैं। एनईआर के सीपीआरओ संजय यादव ने बताया कि (01115) लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल 12,19 और 26 जनवरी को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रात 12.45 बजे चलकर कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर पहुंचेगी। दूसरे दिन इलाहाबाद छिवकी, वाराणसी, भटनी, देवरिया सदर होकर गोरखपुर सुबह 11.35 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में (01116) गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल 13, 20 और 27 जनवरी रविवार को गोरखपुर से दोपहर दो बजे चलकर तीसरे दिन लोकमान्य तिलक टर्मिनस रात 12.35 बजेे पहुंचेगी। ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 16, साधारण श्रेणी के दो तथा एसएलआर के दो कोचों सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।