कर्नाटक में गोरखपुर की छह खिलाड़ियों ने क्रॉस कंट्री रेस जीता।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर यूनिवर्सिटी की टीम ने कर्नाटक के बेलगांव स्थित विश्वेशरैया तकनीकी विश्वविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया क्रॉस कंट्री रेस में पहला स्थान हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। 30 अक्टूबर को आयोजित महिला वर्ग की क्रॉस कंट्री रेस में गोरखपुर की छह बेटियों ने (45 अंक हासिल कर) 800 खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस सफलता के लिए टीम को 12 हजार रुपये प्रति सदस्य, स्पेशल किट और मोमेंटो के साथ सम्मानित किया गया है। टीम की इस उपलब्धि से यूनिवर्सिटी परिवार में खुशी का माहौल है।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में गोरखपुर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स टीम के प्रभारी और कोच डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि जीत हासिल करने वाली टीम की ज्यादातर खिलाड़ी किसान परिवार से हैं। रोजाना घंटों की प्रैक्टिस से ये उपलब्धि हासिल हुई है। बेटियों ने हर कसौटी पर अपनी काबिलियत साबित की है। क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि पहली बार क्रॉस कंट्री रेस में यूनिवर्सिटी को पदक मिलने से खिलाड़ियों का उत्साह बढे़गा। विजेता टीम के भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। वहीं कुलपति की ओर से भी बेटियों को अलग से सम्मानित किए जाने का एलान किया गया है।
इन बेटियों ने दिखाया जलवा
किरन चौहान, सुमन सिंह (गोरखपुर यूनिवर्सिटी), फूलन पाल, विजयलक्ष्मी (गुरुकुल महाविद्यालय ददरी, बड़हलगंज) बबीता निषाद (बीएनवीपी कॉलेज, मानीराम), डिंपल सिंह (बहादुर सिंह यादव मेमोरियल कॉलेज, भटनी)