गोरखपुर। एंटी भू-माफिया अभियान के तहत अब उन अफसरों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है, जिनके कार्यकाल में संबंधित विभागों की जमीनों पर कब्जा हो गया। शासन ने इन अफसरों की सूची तलब की है। इसे लेकर गत दिवस वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी एडीएम, एसडीएम और पुलिस अफसरों को ट्रेनिंग भी दी गई। एडीएम (प्रशासन) प्रभुनाथ ने बताया कि शासन के निर्देश पर संबंधित विभागों के ऐसे अफसरों की सूची तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है।
जिले में एंटी भू-माफिया अभियान के तहत विभिन्न विभागों की 600 एकड़ से अधिक जमीन पर अतिक्रमण सामने आए थे। इनमें से 300 एकड़ से अधिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर लेने का प्रशासन दावा कर रहा है। 13 लोगों को भू-मफिया के तौर पर चिह्नित किया गया है, जिनकी सूची राज्य स्तरीय एंटी भू-माफिया कमेटी को भेज दी गई है। सर्वाधिक अतिक्रमण जीडीए और गीडा की जमीन पर चिह्नित किए गए हैं और अभी तक इन्हें छुड़ाया भी नहीं जा सका है। जीडीए की करीब 250 एकड़ तो गीडा की करीब 200 एकड़ जमीन पर कब्जा है।