गोरखपुर। वृद्धाश्रम में किशोरी से बलात्कार के मामले में पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। शुक्रवार को किशोरी का मेडिकल कराया गया लेकिन अभी रिपोर्ट नहीं आई है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि जांच में शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। डॉक्टरों ने सीरम जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट शनिवार तक मिलेगी। उधर, हिरासत में लिए गए प्रबंधक से भी पूछताछ जारी है।
चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर तरहवा स्थित वृद्धाश्रम में रसोइए का काम करने वाली किशोरी ने प्रबंधक पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया था। मामला गुरुवार को सामने आया। उसी रात में ही किशोरी को मेडिकल कॉलेज स्थित आशा ज्योति केन्द्र में भेज दिया गया।
शुक्रवार को चिलुआताल थाने की महिला आरक्षी नीलम तिवारी ने किशोरी का महिला अस्पताल में मेडिकल कराया। शुक्रवार को ही समाज कल्याण अधिकारी सप्तर्षि कुमार ने वृद्धाश्रम पहुंच कर वहां मौजूद कर्मचारियों और बुजुर्गों से बात की। थाने में जाकर प्रबंधक से भी जानकारी ली है। उन्होंने विभागीय जांच के लिए मुकदमे की एक कापी भी थाने से ली है।
एसएसपी शलभ माथुर नं कहा, मेडिकल रिपोर्ट अभी पुलिस को नहीं मिली है। रिपोर्ट और किशोरी के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी। सीसी टीवी कैमरे की फुटेज और आसपास के लोगों का भी बयान दर्ज कराया जा रहा है। सभी तथ्यों के जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।