गोरखपुर यूनिवर्सिटी में पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई गई।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के ललित कला एवं संगीत विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय पेंटिंग प्रर्दशनी और वर्कशॉप का गुरुवार को कुलपति प्रो. वीके सिंह ने फीता काटकर शुभारंभ किया। वर्कशॉप के पहले दिन मुंबई के आर्टिस्ट स्वरूप विश्वास की जीवन के विविध आयामों पर बनी पेंटिंग की प्रदर्शनी लगाई गई।
कुलपति ने कहा कि मानव जीवन में कला का महत्व आदिकाल से है। कलाकार ब्रश से कैनवास पर विचार थोपता नहीं बल्कि सुंदरता से सजाता है। कुदरत का ये नायाब तोहफा है। यह दर्र्शक पर निर्भर करता है कि वह कलाकार के मनोभाव को किस खूबसूरती और बारीकी से ग्रहण करता है। विशिष्ट अतिथि जयपुर कला सम्मेलन के संस्थापक निदेशक शैलेंद्र भट्ट ने कहा कि कला हमेशा सकारात्मक होती है। वह व्यक्तित्व के नकारात्मक पक्ष को भी दिखाकर सकारात्मक संदेश देती है। प्रदर्शनी की संयोजक डॉ. उषा सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। आभार ज्ञापन सचिव संदीप श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर ललित कला संगीत विभाग के पूर्व हेड डॉ. सत्येंद्र सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. विनय सिंह, वित्त अधिकारी वीरेंद्र चौबे, प्रवीण कुमार मौजूद रहे।
रॉइटस ऑफ लव पुस्तक का विमोचन
प्रदर्शनी में लेखिका शिखा कौल के उपन्यास रॉइट्स ऑफ लव का विमोचन किया गया। विमोचन समारोह के दौरान अतिथियों के साथ कलाकार स्वरूप विश्वास और उनके पिता सत्य दास विश्वास और माता रत्ना विश्वास भी मौजूद रहीं।